जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर महिला से 12 लाख की ठगी

Spread the love

हरिद्वार(। रानीपुर क्षेत्र में जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर एक महिला से 12 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने उसके पति और दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी गई बीएचईएल रानीपुर निवासी तनु ने बताया कि वर्ष 2020 में उसके पति प्रशांत शर्मा निवासी सिंहद्वार ज्वालापुर ने कहा कि उसका मित्र शुभम चौधरी सस्ते दामों में प्लॉट बेच रहा है। प्लॉट कृष्णा कोटेज कॉलोनी, ग्राम सलेमपुर महदूद द्वितीय में बताया गया। पति की बातों पर भरोसा कर मार्च 2020 में अपने पिता से 12 लाख रुपये उधार लेकर प्रशांत को दे दिए। कई महीने बीतने के बाद भी जब प्लॉट नहीं मिला तो उसने पति से पूछताछ की। इसके बाद तीन अप्रैल 2021 को प्लॉट की रजिस्ट्री कराई गई, जिसमें शुभम चौधरी को विक्रेता और प्रशांत शर्मा को गवाह दर्शाया गया। रजिस्ट्री के बाद भी दाखिल-खारिज नहीं कराया गया। वर्ष 2023 में पति के घर से निकाल देने के बाद से तनु बीएचईएल में अपनी मां और भाई के साथ रहने लगी। अगस्त 2025 में जब उसने स्वयं दाखिल-खारिज के लिए आवेदन किया तो पता चला कि संबंधित भूमि शुभम चौधरी के नाम कभी दर्ज ही नहीं रही। भूमि सोनिया रावत निवासी पौड़ी गढ़वाल के नाम दर्ज पाई गई। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गहनता से जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *