चमोली(। चारा पत्ती लेने जंगल गई गैरबारम गांव की एक महिला के सिर पर पत्थर आ गिरा। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। महिला की मौत पर ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा किया। कहा कि जंगल में कोई काम चल रहा है जिससे पत्थर गिरा और यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कराने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने उन्हें सकारात्मक आश्वासन दिया तो ग्रामीण शांत हुए। महिला स्कूल में भोजनमाता थी। पुलिस उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि बृहस्पतिवार को गैरबारम गांव की कमला देवी (52) घास लेने जंगल गई थी। इस दौरान एक पत्थर कमला देवी के ऊपर गिरने से वह घायल हो गई। घायल को 108 की सहायता से सीएचसी थराली लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस सूचना पर अन्य ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया। उन्होंने आशंका जताई कि जंगल के ऊपर कोई कार्य चल रहा है और वहीं से पत्थर गिराया गया है। इस कारण महिला की मौत हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कराने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने ग्रामीणों को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया जिसके बाद ग्रामीण माने। वहीं महिला का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। सीएमओ चमोली अभिषेक गुप्ता का कहना है कि महिला की अस्पताल में पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। कमला देवी जूनियर हाईस्कूल ग़ैरबारम में भोजन माता थीं।