रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप के ठाकुर नगर में रविवार को एक महिला पर बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए लोगों ने उसे बिजली के पोल से बांध दिया और स्थानीय महिलाओं ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के सामने भी महिला की पिटाई की गई। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर महिला को उनके चंगुल से छुड़ाया और थाने ले आई। जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11 बजे ठाकुर नगर के मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्चों को अपने साथ चलने के लिए कहने लगी। यह देखकर बच्चों के माता-पिता और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने महिला पर बच्चा चोरी का शक जताते हुए उसे पकड़ लिया और बिजली के पोल से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। हंगामा बढ़ने पर किसी ने ट्रांजिट कैंप पुलिस को सूचना दे दी। एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से जानकारी जुटाई। स्थानीय महिलाएं पुलिस के सामने भी महिला को थप्पड़ मारती रहीं। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर महिला को छुड़ाया और थाने ले आई। पूछताछ के दौरान महिला अपने आप से बातें करने लगी। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला अर्द्ध विक्षिप्त है और पहले भी थाने आकर हंगामा कर चुकी है। इससे पहले भी वह थाने में दीवार पर सिर मार रही थी। फिलहाल उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे छोड़ दिया गया है। महिला के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।