चमोली(। चमोली जनपद के पोखरी ब्लॉक के गुनियाला गांव में रविवार सुबह एक महिला पर भालू ने हमला कर उसे घायल कर दिया। भालू के बढ़ते आतंक से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गुनियाला गांव की रुचि देवी (28 वर्ष), पत्नी मनोज कुमार अपने गांव की अन्य महिलाओं के साथ धमतोली के जंगल में काश्तकारी (खेती-बाड़ी) करने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला के चीखने पर साथ में मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोखरी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रुचि देवी को घर भेज दिया। बताया गया कि उनके सिर और पेट पर घाव हैं, हालांकि स्थिति सामान्य है।