जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल के पाबौ से लापता महिला को पुलिस ने पुणे महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने महिला को परिजनों के सुपर्द कर कर दिया है।
पुलिस की सोशल मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार 19 फरवारी 2026 को पाबौ निवासी एक व्यक्ति द्वारा कोतवाली पौड़ी में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया। जिसमें व्यक्ति ने बताया कि उनकी पत्नी बिना बताए घर से कहीं चली गई है और अब तक वापस नहीं लौटी है। उक्त सूचना के आधार पर कोतवाली पौड़ी में गुमशुदगी पंजीकृत कर महिला की तलाश प्रारंभ की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी जयपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस एवं सीआईयू की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा किये सघन प्रयासों एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उक्त महिला की लोकेशन पुणे महाराष्ट्र में होने की पुष्टि हुई। जिसके पश्चात उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा महाराष्ट्र पहुंचकर महिला को पुणे से सकुशल बरामद किया गया। जांच में पाया गया कि महिला पुणे में एक प्राइवेट सेक्टर में कार्यरत थी। इसके उपरांत पुलिस टीम द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला, कांस्टेबल दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल हरीश आदि शामिल थे।