विकासनगर। सेलाकुई थाना क्षेत्र में एक महिला अपने तीन बच्चों और पति को छोड़कर तीन माह से लापता है। पति की शिकायत के बाद पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर महिला की खोजबीन शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सेलाकुई पीडी भट्ट ने बताया कि मूल रूप से बुलंद शहर और वर्तमान में सेलाकुई के बंजारागली में रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दी है। बताया कि 13 फरवरी को उसकी पत्नी खाटू श्याम मंदिर के लिए निकली थी। उसके तीन नाबालिग बच्चे हैं। जब उनकी पत्नी निकली तो बच्चे स्कूल जा रखे थे। तब से लेकर आज तक वह वापस नहीं लौटी है। बताया कि उसके जाने से बच्चों की देखरेख में काफी दिक्कतें आ रही है। कुछ समय पूर्व तक उनकी फोन पर बातचीत होती थी। उसने जल्द घर लौटने का वायदा किया था, लेकिन बीते एक सप्ताह से उसका फोन बंद आ रहा है। जिससे वह काफी परेशान हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शिकायत के बाद अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला की खोजबीन की जा रही है।