उधार दिए पैसा वापस मांगने पर की थी महिला की हत्या

Spread the love

रुड़की। पांच दिन पहले लक्सर के संतनगर कॉलोनी स्थित आम के बगीचे में ट्यूबवेल के पास से महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि उधार दिए गए करीब एक लाख रुपये महिला द्वारा मांगने पर युवक ने उसकी हत्या कर दी थी। लक्सर कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि सात जुलाई को एक महिला का शव पुलिस ने बरामद किया था। जिसकी पहचान सरोज निवासी नई बस्ती शिवपुरी के रूप में हुई थी। परिजनों से पूछताछ करने पर सरोज की बेटी ने बताया था कि वह पांच जुलाई को अपने उधार दिये रुपये लेने जसवीर के पास गयी थी लेकिन वापस नहीं लौटीं। इसके बाद सरोज के पुत्र अमित कुमार ने मुकदमा दर्ज करवाया गया था। एसएसपी हरिद्वार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और सीओ लक्सर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर घटना में संलिप्त आरोपी जसवीर निवासी डाडा पट्टी थाना भगवानपुर की शिनाख्त कर आरोपी को बैरागी कैम्प कनखल से गिरफ्तार किया गया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए शहर छोड़ कर जाने की तैयारी में था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *