जयन्त प्रतिनिधि
सतपुली : पौड़ी जिले में गुलदार के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे है। बुधवार को गढ़वाल वन प्रभाग की पोखड़ा रेंज के देवराड़ी से सटे जंगल में गांव की महिलाओं के साथ घास काट रही एक महिला को गुलदार ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला की गर्दन आदि में गुलदार के नाखूनों के गहरे घाव आए हैं। घायल महिला को पोखड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए लाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को कोटद्वार के लिए रेफर कर दिया।
पोखड़ा के पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि देवराड़ी गांव निवासी कंचन देवी बुधवार सुबह करीब 11 बजे चंदोला तोक के सिविल क्षेत्र में घास काट रही थी। इसी दौरान गुलदार ने कंचन पर हमला कर दिया। तभी वहां मौजूद गांव के अंकित और जयदीप ने महिला को गुलदार के चंगुल से बचाया। अंकित अपने भाई जयदीप के साथ बाजार जा रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि एक महिला को गुलदार घसीट रहा था। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना महिला को बचाया। अंकित और उनके भाई की मदद से महिला की जान बच गई। अंकित ने बताया कि वह अपने बड़े भाई के साथ संगलाकोटी बाजार जा रहे थे। तभी देखा कि गांव से सटे चंदोला तोक में ऊपर घास काट रही महिलाएं शोर मचा रही हैं। शोर सुनते ही वह उस तरफ भागे। जब मौके पर पहुंचे तो देख कर सन रह गए। गुलदार महिला को घसीटे जा रहा था। गुलदार पर दूर से काफी पत्थर फेंके गए, लेकिन गुलदार ने महिला को नहीं छोड़ा, तो फिर बिल्कुल पास ही जाकर महिला को गुलदार के चंगुल से छुड़ाया। अंकित बताते हैं कि महिला गुलदार की डर से काफी घबरा गई थी। पीछे से आ रहे बड़े भाई जयदीप ने भी मदद की तब जाकर महिला को गुलदार से बचाया जा सका। कंचन गांव के साथ ही अन्य 10-12 महिलाओं के साथ घास काट रही थी, लेकिन ये महिलाएं आपस में कुछ दूरी पर थी।