जंगल में घास लेने गई महिला की बाघ के हमले से मौत

Spread the love

 

हल्द्वानी। फतेहपुर रेंज में बाघ ने एक और महिला को शिकार बना लिया है। बाघ सात माह में सात लोगों की जान ले चुका है। क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं से आक्रोशित लोगों ने महिला के शव के साथ रामनगर-कालाढूंगी मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे वन विभाग के अफसरों का घेराव भी किया। देर शाम तक लोगों का हंगामा जारी था।
गुरुवार शाम नवाड़ सैलानी फतेहपुर निवासी नंदी देवी (75) पत्नी खीमा नंद चार अन्य महिलाओं के साथ वसुंधरा कलोनी के पीटे जंगल में घास लेने गई थीं। तभी बाघ ने उन हमला कर दिया और खींचकर जंगल की तरफ ले जाने लगा। नंदी की चीख पुकार सुनकर साथ की महिलाएं घटना स्थल की तरफ भागी और शोर मचाना शुरू किया।
इस पर बाघ नंदी को वहीं छोड़कर भाग गया। हालांकि तब तक नंदी देवी की मौत हो चुकी थी। महिलाओं ने इसकी सूचना नंदी देवी के परिजनों को दी। मामले की जानकारी मिलते ही फतेहपुर रेंज की टीम रेंजर केआर आर्या के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। नंदी के शव को उनके घर लाया गया था।
इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने नंदी के शव को रामनगर कालाढूंगी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। रेंजर केआर आर्या का घेराव करते हुए बाघ के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। रेंजर आर्या ने बताया कि बाघ ने फतेहपुर रेंज के जंगल में करीब डेढ़ किमी भीतर नंदी देवी पर हमला किया। मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *