संत से जमीन वापस दिलाने को महिला ने किया धरना-प्रदर्शन

Spread the love

-ज्वलशील पदार्थ की बोतल लेकर पहुंची थी महिला
देहरादून। हरिद्वार के एक संत पर अपनी जमीन कब्जाने और उसकी फर्जी रजिस्ट्री कर दूसरे को बेचने के आरोप को लेकर तेजेन्द्र जीत कौर ने गांधी पार्क के बाहर अपने चार साल के बेटे के साथ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान वह कथित रुप से ज्वलनशील पदार्थ एक बोतल में भी भरकर लाई थी। लेकिन पुलिस और प्रशासन ने उसे समझाया। महिला को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर हरिद्वार प्रशासन से मिलने को कहा गया है। हरिद्वार निवासी महिला तेजेंद्र जीत कौर सुबह गांधी पार्क के सामने आकर धरने पर बैठ गई। उसका आरोप था कि एक अखाड़े से जुड़े संत ने उसकी जमीन कब्जा ली है। उक्त महिला आश्रम के दिवंगत महाराज के बच्चे की मां होने का भी दावा कर रही थी। उसने डीएनए प्रमाण पत्र अधिकारियों को दिखाने का भी दावा किया। आरोप है कि उसे आश्रम में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा। यही नहीं उसकी निजी जमीन जो उसके नाम पर भी उसे फर्जी तरीके से बेचा गया है। महिला ने बताया कि वह अपनी जमीन को लेकर आयुक्त कोर्ट में भी गई। जहां से उसके हक में फैसला आ चुका है। लेकिन फिर भी उस फैसले को नहीं माना जा रहा। महिला ने उक्त संत पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। बताया कि डीएम से मुलाकात नहीं हुई। मजबूरन उसे दून आकर प्रदर्शन करना पड़ा है। महिला के समर्थन में गांधी पार्क के बाहर स्वराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश जोशी, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र पंत, गोरक्षा दल के विकास सुंद्रियाल कार्यकर्ताओं संग पहुंचे थे। रमेश जोशी ने चेतावनी दी यदि इस बार महिला को न्याय नहीं मिला तो दोबारा गांधी पार्क के सामने आंदोलन होगा। एसएसआई कोतवाली लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि महिला ज्वलशील पदार्थ की बोतल लेकर पहुंची थी। जिन्हें समझाया गया। मामला हरिद्वार से जुड़ा है। महिला को आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *