नई टिहरी : मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में थौलधार ब्लॉक के ग्राम पंचायत तिखोन में महिला एवं बाल सभा का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं ने प्रतिभाग कर सरकारी की योजनाओं की जानकारी ली। सीडीओ ने योजनाओं का लाभ लेकर आत्म निर्भर बनने पर जोर दिया। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कहा कि जीपीडीपी की बैठकों में कुछ समस्याएं छूट जाती हैं। ऐसे में सभी महिलाएं बेझिझक होकर अपनी बात रखें। गांव के विकास में सभी को एकजुट रहे। महिलाओं ने जूनियर स्कूल मझकोट में पानी, जर्जर छत की समस्या, महिला केंद्र में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में पानी और शौचालय की समस्या से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की। वहीं छात्र-छात्राओं ने लाइब्रेरी में किताबें रखने, गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने, स्वरोजगार प्रशिक्षण देने सहित खेल मैदान और आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने का अनुरोध किया। खेल मैदान और आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने को लेकर सीडीओ ने कहा कि ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के सहयोग से यदि भूमि मिल जाती है तो आगे की कार्यवाही जल्द की जा सकती है। स्कूल से संबंधित समस्याओं को लेकर शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने और अन्य मांगों को जीपीडीपी की बैठक में प्रस्तावित करने को कहा गया। इस मौके पर डीपीआरओ एमएम खान, एडीपीआरओ राकेश शर्मा, प्रधान विनोद राणा, बीडीसी नत्थी लाल, राजेंद्र राणा, विजयपाल चौहान, सुमन नौटियाल, आशीष आदि मौजूद थे। (एजेंसी)