जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की है। इस दौरान महिलाओं ने संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
शिब्बूनगर में दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लक्ष्मी बिष्ट, रीना आर्य, विजयलक्ष्मी भारती, नीमा भंडारी, विजयलक्ष्मी आर्य, इंदु बिष्ट, चंपा राणा, सत्यवती देवी, कल्पना रावत, उर्मिला रावत, मालती देवी ने दल की सदस्यता ग्रहण की। कोटद्वार महानगर के अध्यक्ष जगदीपक सिंह रावत ने महिलाओं का पार्टी में शामिल होने पर सम्मान करते हुए पुष्प भेंट किए और उनका आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात बैठक में सुखदेव शास्त्री को महानगर उपाध्यक्ष, गजेंद्र सिंह रावत और सुरेश चंद्र को संगठन मंत्री चुना गया, जबकि महिला उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर अध्यक्ष पद पर लक्ष्मी विष्ट, सचिव पद रीना आर्य व कल्पना रावत, संगठन सचिव पद पर लक्ष्मी भारती व नीमा भंडारी, प्रचार मंत्री चंपा राणा और सत्यवती देवी को, उर्मिला रावत व मालती देवी को संयुक्त मंत्री चुना गया। इस अवसर पर बैठक में उपस्थित यूकेडी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉक्टर शक्ति शैल कपरवाण ने कहा कि यूकेडी में महिला संगठन को मजबूत करके महानगर कोटद्वार मौलिक समस्याओं के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ने में सहायता मिलेगी। डॉ. कपरवाण ने कहा यूकेडी मोटर नगर के निर्माण, कण्व आश्रम को तीर्थ के रूप में विकसित करने, कालागढ़ -चिल्लर खाल-लालढांग मोटर मार्ग निर्माण मालन, खोह, सुखरौ नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा की दीवार बनाने, बेस अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्ति के लिए जन आंदोलन करेगी। केंद्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यूकेडी संगठन को मजबूत बनाने के लिए हर वार्ड में इकाइयों का गठन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रचार प्रसार की वृद्धि की जाएगी, ताकि यूकेडी में युवा वर्ग सम्मिलित हो सके। कोटद्वार जनपदीय अध्यक्ष मुकेश बड़थ्वाल ने कहा कि कोटद्वार जनपद में जन समस्याओं के निराकरण के लिए यम्केश्वर, लैंसडाउन धुमाकोट तहसीलों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बिजली की दरों को बढ़ाने के लिए सरकार की निंदा की।