महिलाओं ने किया एसडीएम का घेराव

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनप्रतिनिधि एक ओर सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा, सुशासन सप्ताह मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर विकासखंड कल्जीखाल के थापली गांव की ग्रामीण महिलाएं पेयजल की किल्लत को लेकर आयोजन स्थल पर ही एसडीएम का घेराव कर रही थी। महिलाओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि नलों में दो माह से पानी नहीं आ रहा है, जिस कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विभागीय अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद भी समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है।
गुरूवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत विकासखंड कल्जीखाल में आयोजित कार्यक्रम सेवा सुशासन और विकास के तीन साल बेमिसाल कार्यक्रम सभागार में चल रहा था, जहां बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक सहित ब्लॉक प्रमुख प्रशासक, भाजपा नेता सहित जनप्रतिनिधि अपनी सरकार की बेहतरीन तीन साल की उपलब्धियां गिना रहे थे, वहीं ब्लॉक मुख्यालय से सटे थापली गांव के ग्रामीण जल संकट की समस्या को लेकर आक्रोशित थे। उन्होंने आयोजन स्थल पर ही एसडीएम पौड़ी सदर रेखा आर्य को घेर लिया और उन्हें अपनी पेयजल समस्या बताई। ग्रामीणों ने बताया कि गत दो माह से नलों में पानी नहीं आ रहा है। जबकि प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन योजना के हर घर नल हर घर जल योजना के तहत घरों में नल तो लगे है, किन्तु नलों में पानी नहीं आ रहा है। ग्रामीणों की आप बीती सुनने के बाद एसडीएम सदर रेखा आर्य ने तत्काल राजस्व उपनिरीक्षक एवं कनिष्ठ अभियंता को मौका पर ही निर्देशित किया वह उक्त प्रकरण को धरातल पर जाकर मुझे दो दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *