महिला वनडे विश्व कप 2025 ने बनाया दर्शकों की संख्या का नया रिकॉर्ड

Spread the love

नईदिल्ली, महिला वनडे विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत ने भारत में क्रिकेट प्रसारण के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। नवी मुंबई में हुए फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला विश्व कप खिताब जीता। इस मैच को जियो हॉटस्टार पर अभूतपूर्व 18.5 करोड़ दर्शकों ने देखा, जो पुरुष टी-20 विश्व कप 2024 के फाइनल के बराबर है और इंडियन प्रीमियर लीग की औसत दैनिक पहुंच को पार कर गया।
जियोस्टार के अनुसार, आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 को 44.6 करोड़ दर्शकों ने देखा, जो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले 3 ऐसे टूर्नामेंटों की कुल दर्शकों की संख्या से भी ज्यादा है। अकेले फाइनल मैच को ही 2.1 करोड़ दर्शकों ने देखा। जियोहॉटस्टार पर इसे 9.2 करोड़ सीटीवी दर्शकों ने भी देखा। ये संख्याएं पुरुष विश्व कप फाइनल के बराबर हैं, जो भारत में महिला क्रिकेट दर्शकों की संख्या में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
जियोस्टार के सीईओ (स्पोर्ट्स) इशान चटर्जी ने कहा कि महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 ने भारत में महिला क्रिकेट के बढ़ते कद की पुष्टि की है। उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ दर्शकों की संख्या और पहले से कहीं ज्यादा प्रशंसक आधार हासिल करने के लिए असाधारण खेल को श्रेय दिया। उन्होंने आगे कहा, यह महिला क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है। अब इसे सिर्फ देखा ही नहीं जाता, बल्कि लाखों लोग इसका जश्न भी मनाते हैं।
महिला विश्व कप में अपने पहले खिताब तक भारत का सफर दृढ़ता और संघर्ष से भरा रहा। शानदार शुरुआत के बाद, ग्रुप चरण में लगातार 3 हार के साथ भारत का अभियान लड़खड़ा गया। हालांकि, एक जरूरी मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई। सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 339 रनों के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की। जेमिमा रोड्रिग्स के ऐतिहासिक शतक की बदौलत भारत ने यह उपलब्धि हासिल की।
नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ फाइनल में भारत ने शेफाली वर्मा के 87 और दीप्ति शर्मा के 58 रनों की बदौलत 298/7 का मजबूत स्कोर बनाया था। स्मृति मंधाना और ऋचा घोष ने भी महत्वपूर्ण पारियां खेली थीं। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट (101) ने शतक जड़कर बहादुरी से संघर्ष किया, लेकिन दीप्ति (5/39) की शानदार गेंदबाजी ने भारत को 52 रनों से जीत दिला दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *