जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दो सूत्रीय मांगों को लेकर पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षक व राजस्व सेवक संघ का कार्य बहिष्कार बुधवार को भी जारी रहा। संघ ने सरकार से जल्द उनकी समस्या के निराकरण की मांग उठाई।
राजस्व सेवक संघ के अध्यक्ष पुष्कर सिंह चौहान के नेतृत्व में समस्त राजस्व कर्मी तहसील परिसर में एकत्रित हुए, जहां पर वे धरने पर बैठ गए। पुष्कर सिंह चौहान ने कहा कि बगैर संसाधन के वर्तमान में राजस्व कर्मियों से खतौनियों के अंशदान जैसा जटिल कार्य करवाया जा रहा है। कहा कि जटिल कार्य के लिए लैपटाप, डाटा पैक व मानदेय उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। कहा कि बगैर संसाधनों के कार्य करना बहुत ही कठिन हो रहा है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में राजस्व कर्मियों पर पुलिसिंग व राजस्व कार्यों को दोहरा भार डाला जा रहा है। इस मौके पर सोहन परमार, विजय मोहन, सुभाषिनी, आंनदी, अनिल कुमार, रविंद्र सिंह, विपिन नेगी, हर्षवर्धन नौटियाल, दीपक सिंह, अमित सिंह मौजूद रहे। उधर प्रखंड बीरोंखाल तहसील में भी राजस्व कर्मियों का बुधवार को दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार जारी रहा। राजस्व कर्मचारी संघ के सचिव दुर्गेश प्रसाद ने कहा कि उच्च न्यायालय ने प्रदेश सरकार को मई माह में राजस्व पुलिस का संपूर्ण कार्य नियमित रूप से पुलिस को सौंपे जाने के निर्देश दिए है, लेकिन अभी तक इस संबध में शासन स्तर पर उचित निर्णय नहीं लिया गया है।