सिलक्यारा सुरंग में 40 दिन से काम बंद, मंत्रालय के आदेश का इंतजार

Spread the love

उत्तरकाशी। यमुनोत्री हाईवे पर अलवेदर परियोजना के तहत निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग का कार्य पिछले 40 दिनों से बंद है। इस बीच केंद्रीय मंत्रालय की ओर से गठित विशेष जांच समिति भी पांच दिन पहले अपनी जांच रिपोर्ट लेकर दिल्ली लौट चुकी है। निर्माण कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि मंत्रालय के आदेश के बाद सुरंग में फिर से काम शुरू किया जाएगा। सुरंग में काम शुरू होने की खबरों को अधिकारियों ने सिरे से खारिज किया है। अल वेदर परियोजना के अंतर्गत यमुनोत्री हाईवे पर 4़80 किमी लंबी सुरंग का कार्य सिलक्यारा और बड़कोट दोनों ओर से किया जा रहा है, लेकिन बीते 12 नवंबर दीपावली पर्व को टनल का एक हिस्सा गिरने से अंदर 41 मजूदर फंस गए थे। जिनको 17 दिन की लंबी जद्योजहद के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन यहां तब से सुरंग का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। सुरंग निर्माण का कार्य शुरू नहीं होने से यहां कार्य करने वाले मजदूर, वाहन स्वामी सहित अन्य लोगों के सामने आर्थिकी का संकट गहराने लगा है। सुरंग हादसे के कारणों की पड़ताल कर विशेष जांच समिति भी पांच दिन पहले दिल्ली लौट चुकी है। समिति जल्द ही मंत्रालय को अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। माना जा रहा है कि मंत्रालय के आदेश पर ही फिर से सिलक्यारा सुरंग में काम शुरू किया जाएगा। बड़कोट की ओर से टनल निर्माण का कार्य कर रही गजा इंजीनियरिंग के डीजीएम राजेंद्र कुमार का कहना है कि सुरंग निर्माण का कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। अभी अलग-अलग स्तरों पर जांच की गई, अब उन्हें सुरंग निर्माण का कार्य शुरू करने के निर्देशों का इंतजार है।
इनका कहना है़.
सिलक्यारा सुरंग के अंदर काम अभी शुरू नहीं हुआ है। केंद्रीय मंत्रालय की ओर से आदेश जारी होने पर ही सुरंग के अंदर काम शुरू किया जाएगा। -राजेश पंवार, प्रोजेक्ट मैनेजर, नवयुगा कंपनी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *