माघ पूर्णिमा पर मंदिरों में हुई पूजा अर्चना

Spread the love

पिथौरागढ़()। पिथौरागढ़ में माघ पूर्णिमा पर प्रसिद्ध तालेश्वर मंदिर, रामेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए भीड़ जुटी रही। थल स्थित रामगंगा नदी में स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा की। रविवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर जनपद के प्रसिद्ध मंदिरों में लोगों की भीड़ जुटी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सुबह तड़के मंदिर किनारे स्थित घाटों में स्नान किया। जिसके बाद लोगों ने मंदिरों में पूजा अर्चना कर अपने घर परिवार के सुख, समृद्धि की कामना की। तालेश्वर मंदिर में भी देर रात से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था,काली नदी के तट पर स्नान कर लोगों ने मंदिर में पूजा अर्चना की। सरयू व रामगंगा नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध रामेश्वर घाट में भी श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। थल के बालेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। महिलाओं ने गर्भगृह में स्थित शिवलिंग में जल चढ़ाया। क्षेत्र के हनुमान मंदिर, पार्वती मंदिर, भैरवनाथ मंदिर, केदारनाथ शिला में भी पूजा करने करने को शाम तक भक्तों की भीड़ जुटी रही। इस दौरान मंदिर में आये पुरोहितों ने सभी यजमानों की विधि विधान से पूजा सम्पन्न कराई। मंदिर के पुजारी राजेश भट्ट ने बताया धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ पूर्णिमा के इस धर्म माह में शिवालय में आकर पूजा-पाठ करने से मानव के सारे पाप का शमन होता है,और उसे सुख,समृद्धि की प्राप्ति होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *