निकाय चुनाव में लोग कांग्रेस के साथ : यशपाल

Spread the love

हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि निकाय चुनाव में लोग कांग्रेस के साथ हैं और खूब सहयोग भी कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस निकाय चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। नगर निगम, नगर पालिका के साथ नगर पंचायतों में भी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में लोग भाजपा की नीतियों से बेहद परेशान हैं। इसलिए अब वह कांग्रेस के साथ खड़े हैं। गुरुवार को हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में नेता प्रतिपक्ष आर्य ने हल्द्वानी नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा जो कहती है, वह कभी उसे पूरा नहीं करती। लोग सड़क, बिजली और पानी की समस्याओं से परेशान हैं। हल्द्वानी शहर में भी लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। सड़कें खोदकर पूरी तरह लोगों को परेशान किया जा रहा है। बिजली भी पर्याप्त नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि हम सभी को एकजुट होकर ये चुनाव लड़ना है। भाजपा की जन विरोधी नीतियों को लोगों तक पहुंचाना है। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत बगडवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोला दत्त भट्ट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *