योगी आदित्यनाथ पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पार्थिव देह को लेकर लखनऊ से अलीगढ़ पहुंचे

Spread the love

लखनऊ, एजेंसी। भारतीय राजनीति के पुरोधाओं में से एक स्वर्गीय कल्याण सिंह अब अपने अंतिम सफर पर हैं। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआइ में निधन हो गया। सीएम योगी आदित्यनाथ पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पार्थिव देह को लेकर लखनऊ से अलीगढ़ पहुंचे। अलीगढ़ में सोमवार शाम को राजकीय सम्मान के साथ कल्याण सिंह की पार्थिव देह की अंत्येष्टि की जाएगी। अलीगढ़ के अहिल्याबाई होलकर स्टेडियम में उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ में भाजपा कार्यालय से कल्याण सिंह की पार्थिव देह को लेकर अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे। वहां पर राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने स्वर्गीय कल्याण सिंह को श्रद्घा सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर कल्याण सिंह के सांसद पुत्र राजवीर सिंह तथा उनकी पत्नी भी थीं। यहां से पूर्व सीएम कल्याण सिंह की पार्थिव देह एयर एंबुलेंस से शाम पांच बजे के करीब अलीगढ़ के धनीपुर मिनी एयरपोर्ट पर पहुंची। एयर एंबुलेंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव देह को अलीगढ़ के अहिल्याबाई होलकर स्टेडियम लाया गया है। यहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रदेश से लेकर केंद्र तक कई बड़े नेता भी यहां पहुंच गए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी अलीगढ़ आए हैं।
भाजपा के दिग्गज नेताओं में शामिल रहे कल्याण सिंह की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन करने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भी बड़ी संख्या में भाजपा के विधायक, मंत्री तथा कार्यकर्ता एकत्र थे। यहां पर कल्याण सिंह की पार्थिव देह तो तिरंगे के साथ भाजपा के ध्वज में भी लपेटा गया। यहां पर उनकी पार्थिव देह को सेना की गाड़ी में रखा गया। जहां से गाड़ी को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट रवाना किया गया। इस दौरान चारों तरफ लोग नारे लगा रहे थे, कल्याण सिंह अमर रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *