युवा कांग्रेस ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला

Spread the love

कोटद्वार रेलवे स्टेशन से संचालित ट्रेनों को बंद करने पर जताया रोष
जल्द ट्रोनों का संचालन शुरू नहीं होने पर दी जनआंदोलन की चेतावनी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कोटद्वार रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली हावड़ा व मसूरी एक्सप्रेस लिंक को बंद करने के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने जल्द ट्रेनों का संचालन नहीं होने पर जनआंदोलन चलाने की चेतावनी दी है। कहा कि सरकार की अनेदखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरूवार को युवा काग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में मालवीय उद्यान से तहसील तिराहे पर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने रेलवे सेवा को बंद करके सैनिकों सहित समस्त उत्तराखण्ड के जनता का घोर अपमान किया है। जिसे यूथ कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल कोटद्वार से हावड़ा व मसूरी लिंक एक्सप्रेस सेवाओं का बखूबी संचालन किया जा रहा था। इन रेल सेवाओं से जहां एक ओर देश की सीमाओं की सुरक्षा में लगे सैनिक आसानी से अपने गंतव्यों तक आ जा रहे थे, वहीं आम लोगों सहित व्यापारियों को भी रेल सुविधाओं का लाभ मिल रहा था, लेकिन मोदी सरकार ने उत्तराखण्ड वासियों की उपेक्षा करते हुए पूर्व में संचालित रेल सेवाओं का बंद कर दिया। यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत ने कहा कि एक तरफ मोदी सरकार सैनिकों के सम्मान का ढोंग रच रही है, वहीं दूसरी ओर सैनिकों के आवगमन के सुगम रेल सेवाओं को बंद कर रही है जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि रेल सेवाओं के संचालन के लिए पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने केन्द्र सरकार व रेल मंत्रालय को पिछले दिनों पत्र भी भेजा था, लेकिन केन्द्र सरकार एवं रेल मंत्रालय ने रेल सेवाएं शुरू नहीं की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि शीघ्र ही उक्त रेल सेवाओं को शुरू नहीं किया गया तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन को बाध्य होंगे। पुतला दहन करने वालों में युवा कांग्रेस जिला महासचिव मनीष चौहान, प्रमोद रावत, आकाश नेगी, प्रदीप नेगी, मनोज गुसाईं आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *