फास्ट फूड मार्केट में हुए मामूली विवाद में युवक को चाकू मारा, गंभीर

Spread the love

रुद्रपुर। शनिवार देर सायं पुराने अस्पताल के समीप स्थित फास्ट फूड मार्केट में मामूली विवाद के बाद कुछ लोगों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। निकट बड़ी टंकी पूजा डेयरी, मेन मार्केट निवासी रेनू पत्नी पंकज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र प्रदीप कबीरा रॉयल बेकरी में काम करने के बाद रात करीब 11 बजे घर लौट रहा था। इसी दौरान पुराने अस्पताल के पास फास्ट फूड मार्केट में राकेश फास्ट फूड के ठेले पर काम करने वाले बादल ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रदीप को घेर लिया और चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में प्रदीप के शरीर पर 15 से 20 गंभीर घाव आए हैं। घटना के बाद घायल युवक को आनन-फानन में सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़िता ने आरोपी राकेश, बादल व उसके साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। व्यापारियों ने धरना देकर जताया रोष घटना के विरोध में रविवार को व्यापारियों व स्थानीय निवासियों ने फास्ट फूड मार्केट में धरना देकर रोष जताया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि यह इलाका नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है, जिससे आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने फास्ट फूड मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। धरने में देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय अरोड़ा, महामंत्री नितिन पाटिल, पूर्व सभासद सतीश गुप्ता, अमन मदान, सनी गंगवार, चेतन गंगवार, सनी अरोड़ा, रोहित अरोड़ा, पंकज अरोड़ा, शिवम कश्यप, भरत अरोरा, कमलेश अरोरा, विजय सक्सेना, अनिल सक्सेना व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *