प्रमाण पत्र बनाने को युवा काट रहे विभाग के चक्कर

Spread the love

अग्निवीर भर्ती की तैयारी को युवा बना रहे अपने दस्तावेज
कोटद्वार व पौड़ी तहसील में उमड़ रही युवाओं की भीड़
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार:अग्निवीर भर्ती से पूर्व प्रमाण पत्र तैयार करने के लिए युवाओं को मशक्कत करनी पड़ रही है। प्रतिदिन कोटद्वार व पौड़ी तहसील में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं, कोटद्वार कोतवाली में चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अलग से डेस्क लगाई गई है।
तहसील पौड़ी व कोटद्वार में इन दिनों युवाओं को अग्निवीर भर्ती से पहले प्रमाण पत्रों के लिए अग्नि परीक्षा देनी पड़ रही है। प्रदेश में पहली बार होने जा रही अग्निवीर भर्ती के लिए इन दिनों जहां युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं युवाओं को जरूरी प्रमाण पत्रों को बनवाने के लिए तहसील के चक्कर काटने को मजबूर होने पड़ रहा है।पौड़ी की तहसील में सुबह से ही युवाओं की खासी भीड़ देखने को मिल रही है। युवा सुबह ही जाति, स्थाई, पर्वतीय आदि प्रमाण पत्रों को बनाने के लिए तहसील पहुंच रहे हैं। युवाओं के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती चरित्र प्रमाण पत्र को लेकर आ रही है। युवाओं द्वारा भर्ती के लिए प्रमाण पत्रों को बनवाने के लिए तहसीलों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। पौड़ी जिले के कोटद्वार में अग्निवीर भर्ती 19 अगस्त से शुरू होगी। पौड़ी जिले की भर्ती 22 अगस्त को होनी है। वहीं गढ़वाल मंडल के 7 जिलों में कुल 63360 आवेदनों के सापेक्ष पौड़ी जिले से सर्वाधिक 16330 आवेदन हुए हैं। ऐसे में युवाओं को अपने प्रमाण पत्रों के लिए और अधिक मशक्कत करनी पड़ रही है। वहीं युवाओं को अपने प्रमाण पत्रों के लिए 10-10 दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। पाबौ ब्लाक निवासी 18 वर्षीय युवा करन सिंह व पौड़ी ब्लाक निवासी आनंद ने बताया कि चरित्र प्रमाण पत्र के लिए 8 अगस्त को आवेदन ई-डिस्ट्रिक्ट सेंटर में जमा कर दिया था। करीब 10 दिन बीतने के बाद भी प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। बताया कि भीड़ चलते काफी विलंब हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *