जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : युवा कांग्रेस ने सिम्मलचौड़ में निर्मित यात्री शेड निर्माण में सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। कहा कि सरकारी धन का दुरुपयोग कर जनता को ठगने का कार्य किया जा रहा है।
शुक्रवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता सिमलचौड़ यात्री शेड निर्माण स्थल पर पहुंचे। इस दौरान यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय रावत ने कहा कि वार्ड नं. सिम्मलचौड़ में कुछ दिन पहले वर्ष 2023-24 में स्वीकृत लागत 4.50 लाख से बने यात्री शेड का बोर्ड लगाया गया था, जबकि वहां यात्री शेड बना ही नहीं था। इस पर सवाल उठने के बाद आज वहीं साइन बोर्ड दूसरी स्थान पर लगा दिया गया, जहां वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025 में यात्री शेड बन रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा केवल भाजपा शासन में हो सकता है कि स्थानीय प्रशासन को पता ही नहीं चला कि कौन सा बोर्ड कहां पर लगाना है। कहा कि यूथ कांग्रेस स्थानीय प्रशासन के इस रवैये का विरोध करती है। प्रदर्शन करने वालों में नीरज बहुगुणा, दीपक कुमार, अरविंद रावत, मनीष रावत, अंकुश घिल्डियाल और आमिर आदि मौजूद थे।