अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दो घायल

Spread the love

रुद्रपुर(। काशीपुर रोड पर सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय संजीत पुत्र रामबाबू सैनी निवासी पदमापुरी, बिलासपुर (रामपुर) बुधवार देर रात बाइक के साथ काशीपुर रोड स्थित कीरतपुर मोड़ के पास खड़ा था। उसके साथ दो अन्य युवक भी थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने इन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने संजीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सोमपाल और रोहित की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। संजीत की मौत की सूचना मिलते ही बड़े भाई दिलीप समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। दिलीप ने बताया कि संजीत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सूचना पर चौकी प्रभारी बगवाड़ा सुरेंद्र रिंगवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि अभी तक वाहन चालक के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *