श्रीनगर गढ़वाल : होली के दिन कमलेश्वर घाट के पास अलकनंदा नदी में नहाते समय एक युवक बह गया। मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च अभियान चलाया, लेकिन गुरूवार शाम तक भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। बता देें कि बीते वर्ष भी गढ़वाल विवि के दो छात्रों की नदी में नहाने के दौरान डूृबने से मौत हो गई थी।
कोतवाली निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि मंगलवार को लगभग तीन बजे दीपक कुमार (25) पुत्र शिवशंकर राम निवासी दिलही, जिला दरभंगा, बिहार नदी में नहाने गया। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल सर्च अभियान चलाया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। गुरूवार को भी उसकी खोज की गई मगर कोई पता नहीं चल पाया। कहा कि सर्च टीम के साथ युवक के रिश्तेदार भी रहे। युवक यहां मजदूरी करता था। बीते वर्ष भी होली के दिन गढ़वाल विवि के दो छात्रों की अलकनंदा नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई थी जबकि एक छात्र को बचा लिया गया था। मरने वाले दोनों छात्र बिहार के मुजफ्फपुर जिले के रहने वाले थे। (एजेंसी)