मारपीट में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत

Spread the love

काशीपुर। घर से सटी दीवार पर पेड़ की टहनियां रखने के बाद हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी दो युवकों को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया। बाकी बचे दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। शुक्रवार की देर रात गांव संतोषपुर निवासी 44 वर्षीय आसे अली पुत्र आशक अली का विवाद उसके पड़ोसी दिलशाद पुत्र रफीक, शहाना पत्नी दिलशाद, काबली पुत्र मुबारक अली, अबीर पुत्र साबिर से हो गया था। इस घटना में आसे अली के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद परिजनों ने उसको तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से उसको हायर सेंटर भेज दिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी की तहरीर के आधार पर उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। सोमवार की तड़के उपचार के दौरान आसे अली ने दम तोड़ दिया। वहीं इसकी सूचना पुलिस को मिली तो आरोपी दिलशाद और काबली को गिरफ्तार कर लिया। सीओ विभव सैनी ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी बचे दोनों आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा। वहीं मौत की सूचना के बाद परिजनों में भी कोहराम मचा है। यहां बता दें कि आसे अली की मौत की अफवाह शनिवार को उड़ी थी। इसके बाद पुलिस और परिजनों में हड़कंप मच गया था। घर में रोना पीटना शुरू हो गया था। सोमवार को जब आसे अली की मौत हुई तो एक बार फिर परिजनों की आस टूट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *