धुमाकोट से लापता युवक मुम्बई से बरामद

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल की धुमाकोट पुलिस ने क्षेत्र से लापता युवक को अंधेरी बेस्ट मुम्बई महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पौड़ी पुलिस की मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार शोभित जोशी पुत्र स्व. गणेश प्रसाद निवासी ग्राम सिंमडी, पोस्ट कंठूली, बीरोंखाल ब्लॉक ने थाना धुमाकोट में सूचना दी कि उनका छोटा भाई अरविन्द जोशी बिना बताए घर से कहीं चला गया है। सूचना पर थाना धुमाकोट में गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार शेखर चन्द्र सुयाल, पुलिस उपाधीक्षक गणेश लाल कोहली के प्रर्यवेक्षण, थानाध्यक्ष धुमाकोट दीपक तिवाड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा ठोस सुरागरसी और पतारसी एवं सर्विलांस का बेहतरीन प्रयोग करते हुए 11 अप्रैल 2023 को अंधेरी वेस्ट मुम्बई, महाराष्ट्र से सकुशल बरामद किया गया। थानाध्यक्ष धुमाकोट दीपक तिवाड़ी ने बताया कि अरविन्द जोशी को सकुशल परिजनों के सुर्पद कर दिया है। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *