जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार की दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हो गया है। पहले दिन बच्चों ने लिए ऊंची कूद, लंबी कूद सहित अन्य प्रतियोगिताएं आंयोजित की गई। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राजकीय स्पोट्र्स स्टेडियम गाड़ीघाट कोटद्वार में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक, उत्तराखण्ड प्रो. कुमकुम रौतेला ने अपने संबोधन में कहा कि कड़ी धूप में मेहनत करने वाला कामयाबी के शिखर पर जरूर पहुंचता है। इसलिए चाहे वह खेल प्रतियोगिता हो चाहे रोजगार प्राप्त करने के लिए संघर्ष हो आपको निरंतर प्रयास करना ही होगा। प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व सर्वप्रथम महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट द्वारा मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। प्राचार्य प्रो. डी.एस. नेगी ने अपने संबोधन में छात्रों को कहा कि पठन-पाठन के साथ-साथ जीवन में खेलकूद भी आवश्यक है, इसलिए इंडोर और आउटडोर खेलों के अंतर्गत होने वाले किसी भी खेल में प्रतिभाग करने की हमारी भावना होनी चाहिए। यही भावना हमें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत भी बनाती है। पूर्व महाविद्यालय चैम्पियन अशफाक अली ने मशाल लेकर स्टेडिम का चक्कर लगाते हुए यह दर्शाने का प्रयास किया कि खिलाड़ी की स्फूर्ति भी जलती हुई मशाल की तरह होती है। प्रतियोगिताओं में 400 मीटर फाइनल दौड़, 5000 मीटर दौड़, चक्का फेंक, गोला फेंक, हैमर थ्रो, ऊंची कूद और लंबी कूद आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस मौके पर महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग प्रभारी डॉ. हीरा सिंह डुंगरियाल, डॉ. जुनीष कुमार आदि मौजूद रहे।