युवाओं को स्वरोजगार से जुड़ने के लिए किया प्रेरित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए जिला उद्योग केंद्र की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को सरकार की ओर से चलाई जा रही स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में दो सौ युवाओं ने प्रतिभाग किया। सहायक निदेशक संदीप प्रियदर्शी ने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना पारंपरिक कारीगरों व शिल्पकारों को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से लाभार्थियों को प्रशिक्षण, टूल किट, वित्तीय सहायता व विपणन समर्थन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपने उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने के साथ बाजार में बेहतर प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने वित्तीय समस्याओं के समाधान और ऋण सुविधाओं की जानकारी दी। पोस्ट आफिस, उद्योग विभाग व नगर निगम कोटद्वार के प्रतिनिधियों ने पीएम विश्वकर्मा योजना सहित अन्य योजनाओं से संबंधित जानकारी साझा की। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं एवं पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से स्थानीय कारीगारों व लघु उद्यमियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में मदद मिलती है। इस मौके पर सहायक प्रबंधक उद्योग आकांक्षा, सहायक निदेशक डीके जोशी, कार्यालय अधीक्षक कृपाली आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *