चंदा चोरी के खिलाफ कांग्रेस की चौपाल, घर-घर अभियान चलाने का निर्णय

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार की ओर से चंदा चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ घर-घर पहुंचकर जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया।


चौपाल को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर देशभर के लोगों ने आस्था और विश्वास के साथ बड़ी मात्रा में चंदा दिया है। मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे के संग्रह और उसके उपयोग को लेकर समय-समय पर सवाल और आरोप सामने आते रहे हैं। ऐसे में जनता के सामने पूरे मामले की पारदर्शी जानकारी रखी जानी चाहिए। उन्होंने मंदिरों में आने वाले दान का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई। कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था और जनता के धन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। कांग्रेस चंदा चोरी के खिलाफ चौपाल के माध्यम से गांव-गांव और आम जनता के बीच पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाएगी। विकास नेगी ने कहा कि जनता के विश्वास, अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को लेकर लगातार जनता के बीच जाएंगे और सरकार की नीतियों से लोगों को अवगत कराएंगे। इस मौके पर आदेश तोमर, पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन माधव अग्रवाल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *