डीएम ने वन विभाग के कामों का मौके पर किया निरीक्षण

Spread the love

नई टिहरी। जिलाधिकारी इवा श्रीवास्तव ने गुरूवार को एक दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत रानीचौरी में नर्सरियों, वन विभाग के वृक्षारोपण, क्रू स्टेशन तथा कौड़िया में इको टूरिज्म कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। वन विभाग के तत्वाधान में संचालित रानीचौरी नर्सरी में तैयार किए जा रहे पौधों की जानकारी लेते हुए डीएम ने अधिक से अधिक पौधे रोपित करने के निर्देश दिए। फलदार पर पौधों के अधिकाधिक रोपने के निर्देश दिये। ताकि जंगली जानवरों को भोजन मिलता रहे और वे शहरों की तरफ न भागें। रेंज अधिकारी आशीष डिमरी ने बताया कि नर्सरी में स्थानीय फलों के साथ-साथ स्थानीय वनस्पति को ही तैयार किया जा रहा है। बताया की नर्सरी में काफल, चूलू, हिंसर, किंगोडा, पयां, भमोर, बुरांस, तेजपात के साथ ही देवदार, बांज, चीड़ आदि की कई तरह की प्रजातियों की पौध को तैयार करने का काम किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने रानीचौरी में क्रू स्टेशन का भी निरीक्षण किया तथा फायर सीजन के मद्देनजर निरंतर गश्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्टेशन में सभी आवश्यक उपकरणों, मैनपावर व रजिस्टरों आदि का निरीक्षण कर इंस्पेक्शन रजिस्टर पर अपने हस्ताक्षर किये। उन्होंने कंट्रोल रूम नम्बर का अधिक से अधिक प्रसारित करने के साथ लोगों को भी वनग्नि के नुकसान से अवगत कराते हुये जागरूक करने के निर्देश दिये। ठांगधार क्षेत्र में जिला प्लान के अंतर्गत पर्यटन विकास मद में वन विभाग के कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा कोड़िया गेट, चौकी, साइकिल पार्क, साइकिल ट्रेल, व्यू प्वाइंट व साइनेज आदि का निरीक्षण किया गया। ठांगधार से बोरगाड़ व पौने चार किमी तिधारिया साइकिल ट्रेल को भी देखा। रूट पर सुरक्षा को देखते हुये साईज बोर्ड लगाने के लिए शेष कामों के प्रस्ताव तत्काल बनाने के निर्देश दिये। रौंसलीखाल में वन विभाग के बनाये गये टूरिस्ट काटेज का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि टूरिस्ट काटेज को एक माह के अन्दर शुरू करे दें, इसके जल्द ईडीसी का गठन भी करें। इस मौके पर डीएफओ वीके सिंह, डिप्टी रेंजर शशि भूषण उनियाल, फारेस्ट गार्ड ओपी कुकरेती, वन आरक्षी नीलम आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *