जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेशावर कांड की स्मृति में तहसील प्रांगण में स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा का माल्यार्पण कर उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति एवं कर्तव्यनिष्ठा को याद किया। इस दौरान गढ़वाली के योगदान को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। पेशावर कांड 23 अप्रैल 1930 को घटित हुआ था। इसी दिन वीर चंद्र सिंह गढ़वाली ने पेशावर में अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन करने वाले निहत्थे पठानों पर गोली चलाने से इनकार कर दिया था। इतना ही नहीं वीर चंद्र सिंह गढ़वाली ने साम्राज्यवादी अंग्रेजों की जड़ें तक हिलाकर रख दी थीं।
गुरूवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली केवल एक सैनिक नहीं बल्कि सच्चे अर्थों में राष्ट्रधर्म का पालन करने वाले महान व्यक्तित्व थे। पूर्व मेयर हेमलता नेगी ने कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली का साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों की मार्गदर्शक है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख गीता नेगी ने कहा कि पेशावर कांड भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की एक ऐतिहासिक घटना है, जिसमें वीर चंद्र सिंह गढ़वाली ने अपने अद्वितीय साहस से इतिहास रचा। महानगर अध्यक्ष मीना बछवाण ने कहा कि गढ़वाली का जीवन संघर्ष, साहस और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। इस मौके पर संजय मित्तल, सुधा असवाल, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, शहनाज शम्सी, देवेंद्र सिंह नेगी, सुदर्शन भंडारी, महावीर सिंह रावत मौजूद रहे।