जनता मिलन में 106 समस्याएं सुनीं, 15 दिन में वास्तविक शिकायतों के निस्तारण के निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों एवं आमजन की 106 समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों के मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो समस्याएं तत्काल निस्तारित नहीं हो सकती हैं, उनका नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वास्तविक शिकायतों का 15 दिन के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कार्यालय में बैठकर नहीं किया जा सकता। अधिकारी गांवों और फील्ड में अपने भ्रमण बढ़ाएं तथा जिस स्थान से शिकायत प्राप्त हुई है, वहां जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को सुनना जितना जरूरी है, उनका समाधान करना भी उतना ही जरूरी है। जनता मिलन में ग्राम जस्यारा निवासी सोवती देवी ने विवाह सहायता योजना से संबंधित लंबित प्रकरण की शिकायत रखी। आयुक्त ने श्रम अधिकारी को प्रकरण की जांच कर सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करते हुए नियमानुसार अनुदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जस्यारा निवासी रणजीत लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना में आपत्ति से संबंधित शिकायत रखी। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि वे पैर की बीमारी के उपचाराधीन हैं और आयुर्वेदिक अस्पताल से उपचार के बावजूद अपेक्षित लाभ नहीं मिला। इस पर आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी को कलेक्ट्रेट में एंबुलेंस बुलाकर शिकायतकर्ता को जिला अस्पताल पहुंचाते हुए बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास से संबंधित शिकायत पर उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को जांच कर पात्रता का परीक्षण करने को कहा। आयुक्त ने निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रमों के साथ स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएं, ताकि अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों को शिकायतों के समाधान के साथ आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों को केवल पत्राचार तक सीमित न रखें, बल्कि मौके पर जाकर समस्या की वास्तविकता की जांच करें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में फील्ड विजिट बढ़ाते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद करें, ताकि समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप वन संरक्षक बद्रीनाथ प्रणाली रमेश, उप वन संरक्षक केदारनाथ रजत सुमन, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अलकेश नौड़ियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।