देहरादून। आदर्श नगर के लालबाग में बुधवार रात 16 साल के नाबालिग नीरज की गोली मारकर हत्या करने वाले दो आरोपी को पुलिस ने उत्तराखंड के चप्पड़ टोल नाका के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन उर्फ मुल्ला और अनुज के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि इनके बीच पुरानी रंजिश चल रही थी और इलाके में वर्चस्व कायम करने के लिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक किराए की पंच कार एवं दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि १२ अगस्त की रात आदर्श नगर थाना पुलिस को लालबाग इलाके में चाकूबाजी और गोली चलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस को पता चला कि १६ साल के नीरज को गोली लगी है और उसे पास से अस्पताल लेकर गए हैं। अस्पताल में पुलिस को पता चला कि नीरज को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। वहीं नीरज का दोस्त और चश्मदीद साहिल मिला। जिसने बताया कि वह दोनों एक दुकान पर गए थे। जहां उनकी सलमानी ब्रदर गैंग के सदस्य अमन उर्फ मुल्ला से कहासुनी हो गई। अमन वहां से चला गया। उसके बाद वह नीरज के साथ घर आ रहा था, इसी दौरान अमन अपने दोस्त के साथ आया। पहले उनलोगों ने नीरज पर चाकू से हमला किया और भागने के दौरान उसे गोली मार दी। वह किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई। साहिल के बयान पर पुलिस ने हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छानबीन शुरू की। जांच में दूसरे आरोपी की पहचान जहांगीरपुरी निवासी अनुज के रूप में हुई, जो जहांगीरपुरी में हुई एक हत्या के मामले में वांछित था। स्थानीय स्तर पर जांच में पता चला कि हत्या के बाद दोनों आरोपी उत्तराखंड के हरिद्वार की ओर भागे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल अंतरराज्यीय अभियान शुरू किया तथा करीब ५५० किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया। लगातार तकनीकी निगरानी कर पुलिस ने उन्हें चप्पड़ टोल नाका, उत्तराखंड के पास गिरफ्तार कर लिया। दोनों किराए के पंच कार से उत्तराखंड की ओर भाग रहे थे। पूछताछ में अमन ने बताया कि वह साहिब सलमानी ब्रदर गैंग का सदस्य है। उसका नाबालिग से पुरानी रंजिश चल रही थी। कहासुनी होने के बाद उसने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लालबाग निवासी अमन पर पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं जहांगीरपुरी निवासी अनुज पर १५ आपराधिक मामले दर्ज हैं। जहांगीरपुरी इलाके में हुई एक हत्या के मामले में वह वांछित था। पुलिस इनसे हत्या में इस्तेमाल चाकू और पिस्टल की बरामदगी का प्रयास कर रही है।