उत्तरकाशी। केंद्र और राज्य सरकार की कथित व्यापारी विरोधी नीतियों के खिलाफ जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के बैनर तले व्यापारियों ने सोमवार को हनुमान चौक पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। उन्होंने यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाने, जीएसटी सर्वे के नाम पर व्यापारियों के उत्पीड़न और ऑनलाइन कारोबार को बढ़ावा देने का विरोध किया।
जिला अध्यक्ष सुभाष बडोनी ने कहा कि यूपीआई से भुगतान बढ़ने से जीएसटी और आयकर संग्रह में वृद्धि के साथ अर्थव्यवस्था को भी लाभ हो रहा है। ऐसे में दुकानदारों से यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लेना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कारोबार और बड़े मॉल की बढ़ती प्रतिस्पर्धा से स्थानीय व्यापारी पहले ही आर्थिक दबाव झेल रहे हैं।
जिला महामंत्री अजय प्रकाश बडोला ने कहा कि व्यापारी विरोधी नीतियां वापस नहीं ली गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यूपीआई शुल्क नहीं हटाया गया तो 15 अक्तूबर से ऑनलाइन भुगतान का बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान व्यापारियों ने सरकार से यूपीआई लेनदेन शुल्क मुक्त रखने और जीएसटी सर्वे के नाम पर उत्पीड़न रोकने की मांग की। इस मौके पर मनमोहन थलवाल, ओमप्रकाश भट्ट, वीरेंद्र बत्रा, रमेश चंदोक, नरेश शर्मा, उत्तम गुसाईं, इश्तियाक अहमद और जयेंद्र नौटियाल, अनुज सोनी, सत्य पंवार, धीरज, प्रदीप चौहान, मानसिंह गुसाईं आदि मौजूद रहे।