ऊखीमठ। लंबे इंतजार के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत हुए ऊखीमठ अस्पताल में अब स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की तैयारी भी शुरू हो गई है। अस्पताल को 30 बेड की क्षमता के अनुरूप विकसित करने के लिए 1.80 करोड़ रुपये से अधिक के चिकित्सा उपकरण खरीदे जाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने 1 करोड़ 80 लाख 38 हजार 392 रुपये का आगणन तैयार किया है। साथ ही अस्पताल में फिजीशियन की तैनाती भी हो चुकी है। अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की कवायद भी विभागीय स्तर पर तेज हो गई है। सीएचसी में फिजीशियन डॉ. किरन रावत की तैनाती हो चुकी है। वहीं आईपीएचएस मानकों के अनुरूप आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और आधुनिक मशीनों की खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. गोपाल सजवाण ने बताया कि उच्चीकरण का शासनादेश जारी होने के बाद अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इधर, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने स्वास्थ्य निदेशक डॉ. शिखा जंगपांगी से मुलाकात कर सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने इस संबंध में स्वास्थ्य निदेशक को पत्र भी सौंपा। उन्होंने भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं।