बैडमिंटन में नागार्जुन और अदिति ने मारी बाजी

Spread the love

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित हुई बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बालक और बालिका वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में नागार्जुन और बालिका वर्ग में अदिति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।


प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का समर्पण, अनुशासन और खेल के प्रति लगन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर खेलों में आगे बढ़ने का आह्वान किया। महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डा. हीरा सिंह ने छात्र-छात्राओं को खेल भावना के साथ अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालक वर्ग में नागार्जुन ने प्रथम और शुभम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में अदिति प्रथम और सलोनी द्वितीय रहीं। इस अवसर पर डा. संदीप कुमार, डा. मोहन कुकरेती, डा. शेखर मैठाणी और अरविंद दुदपुड़ी सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *