देवप्रयाग : भगवान राम के प्राचीन मंदिर में वृंदावन की प्रसिद्ध श्री पुष्टि मार्गीय बृज रासलीला की शुरुआत हुई। श्री रघुनाथ सांस्कृतिक समिति की ओर से श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित तीन दिवसीय रासलीला की शुरुआत पूर्व पालिका अध्यक्ष कृष्ण कांत कोटियाल ने की। आचार्य रामशरण शर्मा के निर्देशन में 15 सदस्यीय रास मंडली के कलाकारों ने बृज भाषा के भजनों व संवादों से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को प्रस्तुत किया गया।

राधा कृष्ण के भावपूर्ण मयूर नृत्यों के साथ कालिया नाग मर्दन की लीला ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा। कलाकारों ने शुद्ध बृज भाषा में भजनों और संवादों के साथ प्रस्तुतियां दीं। कालिया नाग मर्दन की रोमांचकारी एवं जीवंत लीला ने देर रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर रघुनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष उत्तम भट्ट, मुकेश पंचपुरी, विनोद बडोला, यमना प्रसाद कोटियाल, अत्रेश ध्यानी व राजेश भट्ट द्वारा रासलीला मंडली का स्वागत किया गया। (एजेंसी)