रुद्रपुर। साइबर ठगों ने विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक से एक लाख सोलह हजार पांच सौ पिछत्तर रुपये ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुरानी कलोनी शुगर फैक्ट्री किच्छा निवासी आयुष कुमार भारती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसे चेक गणराज्य में एक कंपनी से नौकरी का प्रस्ताव मिला। उसे 77,440 रुपये वीजा और 39,135 रुपये परमिट शुल्क के रूप में भुगतान करने के लिए कहा गया। उसने बताए गए बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। उन्होंने उससे उसकी पासपोर्ट फोटो, 10वीं की मार्कशीट, जन्म प्रमाणपत्र और अन्य प्रमाणपत्र जमा करने को कहा। रकम का भुगतान और दस्तावेज जमा करने के बाद जब उसने कंपनी से संपर्क करने का प्रयास किया, तो संपर्क नहीं हुआ। कंपनी की जानकारी जुटाने पर उसे अपने साथ धोखाधड़ी का अहसास हुआ। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।