केंद्र सरकार की योजनाओं का जनता को मिला सीधा लाभ :चुफाल
काशीपुर। डीडीहाट विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री विशन सिंह चुफाल ने केंद्र सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को सराहनीय बताया और कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ लोगों को मिला है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। डीडीहाट विधायक चुफाल शनिवार को मंडी गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र तक हर घर शुद्घ जल की योजना चलाई गई है। जो जन-जन के लिए लाभदायक साबित हो रही है तथा युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्र से पलायन रोकने के लिए सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा दिया,जिससे रोजगार के अवसर मिले हैं। पलायन पर भी विराम लगा है। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पुनरू सरकार बनाएगी। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने विधायक चुफाल का स्वागत किया। यहां भाजपा प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी, जिला महामंत्री मोहन बिष्ट, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सैनी एडवोकेट , नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक गोयल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दुर्गेश पाल, रजत सिद्घू, विपिन अरोरा, रवि प्रजापति, ड़ यशपाल रावत आदि मौजूद रहे।