अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कारय 1 की मौत, 02 घायल

अल्मोड़ा। भनोली क्षेत्र में अल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। राजस्व पुलिस ने मृतक के पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया।
बीते रविवार की देर शाम अल्टो कार भनोली से पालड़ीगूंठ की ओर जा रही थी। इस दौरान भनोली पशु चिकित्सालय से कुछ दूरी पर हैंडपंप के समीप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन गिरने की आवाज से आस-पास के लोग मौके की ओर दौड़े। इस बीच वाहन सवार दन्या के पपोली निवासी जगदीश राम (62) पुत्र धनी राम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन सवार पालड़ीगूंठ निवासी हरीश सिंह नैनवाल (42) पुत्र बची सिंह और बची सिंह (46) पुत्र जमन सिंह को मामूली चोटें आई। स्थानीय लोगों ने राजस्व पुलिस को घटना की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची राजस्व पुलिस की टीम मृतक जगदीश को अस्पताल ले गई, चिकित्सकों के उसे मृत घोषित कर दिया। भनोली के राजस्व उप निरीक्षक महेश चंद्र शर्मा और फूटा राजस्व उप निरीक्षक दिकपाल सिंह बोरा ने शव की शिनाख्त करवाने के बाद उसका पंचनामा भरा। सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम करा शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *