सोनला में बस पलटी, 12 सैनिक घायल

Spread the love

चमोली : बुधवार को जोशीमठ से रायवाला जा रही सैनिकों से भरी बस बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनला के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में सेना के 12 जवान घायल हो गए। इसके साथ ही बस कंडक्टर भी घायल हो गया। सभी घायलों को उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग में प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक सैनिकों के हाथ, पैर और सिर पर चोट लगी है, सभी की स्थिति खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के जवानों ने मौके पर जाकर घायल सैनिकों को स्थानीय लोगों की मदद से निजी और आपातकालीन वाहनों से उप जिला अस्पताल कर्णप्रयाग पहुंचाया। वाहन में 31 जवान बैठे थे। कर्णप्रयाग के एसडीएम सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि बुधवार सुबह 6 बजे बस जोशीमठ से रायवाला के लिए चली थी। इसी दौरान कर्णप्रयाग और नंदप्रयाग के बीच करीब सवा आठ बजे सोनला में बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस पलटते ही बस में बैठे सेना के जवानों ने अपने घायल साथियों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जवानों को स्थानीय लोगों की मदद से निजी एवं आपातकालीन वाहनों से कर्णप्रयाग अस्पताल भिजवाया। जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया दुर्घटनाग्रस्त वाहन में असम रेजिमेंट के जवान सवार थे। घायलों का हाल जानने के लिए एसडीएम सोहन सिंह रांगड़ अस्पताल पहुंचे। वहीं, सेना के अफसरों ने भी कर्णप्रयाग अस्पताल में आकर घायलों की कुशलक्षेम पूछी। उपजिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीपी पुरोहित ने बताया कि कर्णप्रयाग अस्पताल में 12 घायल जवानों का उपचार करने के बाद भेज दिया गया है। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। उधर, बस कंडक्टर वीरेंद्र सिंह का उपचार कर्णप्रयाग अस्पताल में चल रहा है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *