हल्द्वानी। जु-जित्सु एसोसिएशन अफ इंडिया के तत्वावधान में उत्तराखंड में पहली बार संपन्न हुए एशियन गेम्स के चयन ट्रायल में मंगलवार को भारतीय टीम का चयन किया गया। 16 सदस्यीय भारतीय टीम में 8 पुरुष एवं 8 महिला खिलाड़ियों को जगह मिली। मुख्य अतिथि भारतीय ओलंपिक संघ की ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रो़ अलकनंदा अशोक ने 19वें एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए चयनित खिलाड़ियों को बधाई देकर पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जु-जित्सु खेल की लोकप्रियता और खिलाड़ियों की पदक सूची को देखते हुए इसे राष्ट्रीय खेलों में शामिल कराने का प्रयास किया जायेगा। महिला टीम के लिए 48 किलो भार वर्ग में नव्या पांडेय एवं अंवेशा देव, 52 किलो में रोहिणी एवं अनुपमा, 57 किलो में निकिता चौधरी एवं अंगीता साइजो और 63 किलो भार वर्ग में किरन कुमारी एवं अन्नू का चयन किया गया। वहीं पुरुष वर्ग में 62 किलो में कमल सिंह एवं तरुण यादव, 59 किलो में सिद्घार्थ सिंह एवं अक्षित, 77 किलो में अनिरुद्घ एवं विनोद राणा और 85 किग्रा भार वर्ग में अमरजीत लोहान एवं उमा महेश्वर रेड्डी का चयन हुआ। टीम में उत्तराखंड से भी दो खिलाड़ी चुने गए। ये सभी खिलाड़ी ओलंपिक काउंसिल अफ एशिया द्वारा सितंबर माह में हांगझोऊ चीन में होने जा रहे 19वें एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यहां विशिष्ट अतिथि रवि मोहन अग्रवाल एवं ड़ नागेंद्र शर्मा, अध्यक्ष विनय कुमार जोशी, कार्यकारी निदेशक सतीश जोशी, राष्ट्रीय महासचिव अमित अरोड़ा, उपाध्यक्ष विजेंद्र, राशिका सिद्घीकी, मुख्य रेफरी आकाश राठौर, गोपाल सिंह खोलिया, ललित जोशी मौजूद रहे।