जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। नगर पंचायत थलीसैंण में अध्यक्ष और सभासद पद के लिए हुए मतदान में 1830 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान को लेकर दिव्यांगों और बुजुर्गों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। मुश्किल हालातों में बुजुर्ग और दिव्यांग लोकतंत्र के पर्व में आहुति डालने मतदान केंद्रों में पहुंचे। प्रशासन ने भी ऐसे लोगों की मदद के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की थीं। थलीसैंण में गुरुवार को निकाय चुनाव के मतदान में बड़ी संख्या में दिव्यांगों और बुजुर्गों ने वोट दिया। इनमें से कई बुजुर्ग और दिव्यांग ऐसे थे, जो ठीक से चलने में भी सक्षम नहीं थे। इसके बाद भी इन लोगों ने लोकतंत्र में पूरी आस्था जताई। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार थलीसैंण नगर पंचायत में 2384 मतदाता है। जिसमें से 1830 मतदाताओं ने वोट डाला। वार्ड नंबर एक में 761, वार्ड नंबर दो में 563, वार्ड नंबर तीन में 492, वार्ड नंबर चार में 568 मतदाता है। वार्ड नंबर एक में 581, वार्ड नंबर दो में 462, वार्ड नंबर तीन में 360, वार्ड नंबर चार में 427 मतदाताआें ने वोट डाला।
पहली बार मतदान को लेकर उत्साह में दिखे युवा
पौड़ी : नगर निकाय चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले युवा वर्ग में काफी उत्साह देखा गया। मतदान केंद्रों पर वोट देने के लिए युवा, बुजुर्ग, दिव्यांग हर कोई उत्साहित नजर आ रहा है। इस दौरान मतदान केंद्रो से कुछ प्रेरक तस्वीरें भी सामने आईं। इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर जमकर सराहना मिल रही है।
राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज थलीसैंण के बूथ में पहली बार मतदान कर केंद्र से बाहर आते हुए कई युवा उत्साहित दिखे। सुबह आठ बजे से ही मतदाता बूथ पर वोट डालने के लिए पहुंच गए। आठ बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाता लाइन में खड़े थे। मतदाता अपनी पसंद का उम्मीदवार चुनने के लिए उत्सुक नजर आए। युवाओं में मतदान के प्रति काफी जोश देखा गया वे सुबह सवेरे ही मतदान करने में आगे रहे। शहर की लोकल सरकार के चुनाव को लेकर युवा वर्ग काफी उत्साहित नजर आया। हाथ अंगुली में पहली बार मतदान की स्याही लगाने को लेकर युवाओं में अलग सा जोश देखने को मिला।
मतदान में महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर की भागीदारी
पौड़ी : पौड़ी नगर पालिका, थलीसैंण नगर पंचायत, सतपुली नगर पंचायत और श्रीनगर नगर निगम के लिए गुरूवार को हुए मतदान में महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर भागीदारी की। बड़ी संख्या में आठ सात बजे से पोलिंग बूथ पर पहुंच कर महिलाओं ने अपने मत का प्रयोग किया। मतदान करने के लिए महिलाओं की शाम तक पोलिंग बूथ पर लंबी कतारें लगी रही। मतदान करने पहुंची अधिकांश महिलाओं का कहना था की घरेलू काम रोजाना होते है। लेकिन शहर की मजबूत सरकार बनाने के लिए मतदान करना जरूरी है। कहा कि सभी को मतदान जरूर करना चाहिए।