नई टिहरी। जिले में 22 नवंबर को पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। इसके तहत पांच वर्ष तक की आयु के 46,953 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 523 बूथ बनाए गए हैं, जहां 1992 कार्मिकों की तैनाती की गई है।
कलेक्ट्रेट में सीडीओ वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में 473 और ढालवाला क्षेत्र में 50 बूथ बनाए गए हैं। इनकी निगरानी के लिए 105 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। वहीं, घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में 946 और ढालवाला क्षेत्र में 17 टीमें गठित की गई हैं। अभियान के तहत 22 नवंबर को सुबह नौ से अपराह्न चार बजे तक बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद पर्वतीय क्षेत्रों में 23 और 24 नवंबर को, जबकि ढालवाला क्षेत्र में 29 नवंबर तक घर-घर भ्रमण कर बूथों पर छूटे बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी। सीडीओ ने निर्देश दिए कि अभियान में कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे। बैठक में सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, एसीएमओ डॉ. निधि रावत, सीएमएस नरेंद्रनगर डॉ. अमित राय, डीपीआरओ एमएम खान, डीपीओ संजय गौरव आदि मौजूद रहे।