3 महिला उपनल कर्मचारियों को नौकरी से हटाया

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। पीपीपी मोड पर संचालित जिला अस्पताल से तीन महिला उपनल कर्मचारियों को हटा दिया गया है। हटाए गए कर्मचारियों ने स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन से उनको ना हटाए जाने की गुहार लगाई है। जिला अस्पताल में उपनल के माध्यम से कार्यरत तीन कर्मचारियों को हटा दिया गया है। हटाए गए कर्मचारी मुन्नी देवी, सुषमा रावत, सर्वेश्वरी देवी ने बताया कि वे 2007 से जिला अस्पताल में सैनिक कल्याण बोर्ड पौड़ी के माध्यम से तैनात थे और मानदेय भी बोर्ड से ही मिलता था। इसके बाद 2016 में उन्हें उपनल के माध्यम से मर्ज कर दिया गया। बताया कि वे पिछले 14 सालों से अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं लेकिन अचानक उनको नौकरी से हटा दिया गया है। बताया कि तीनों महिला कर्मचारी 50 से अधिक आयुवर्ग की हैं और परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर है। ये तीनों महिला कर्मचारी सैनिक आश्रित के तहत नौकरी पर लगी थीं। ऐसे में उनको अचानक नौकरी से हटाए जाने से उनके सामने आर्थिकी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन से उनकी सेवाओं को यथावत रखने की मांग की है।
सीएमओ पौड़ी एवं जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डा.प्रवीण कुमार का कहना है कि जिला अस्पताल के पीपीपी मोड पर चले जाने से इन तीनों महिलाओं का कार्य पीपीपी मोड के कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। अब इन महिला कर्मचारियों की आवश्यकता नहीं होने के चलते उनको हटाया गया है। इसको लेकर उपनल कार्यालय को भी अवगत करवाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *