37 निर्धन बेटियों की शादी में मदद में जुटी उपहार संस्था

Spread the love

रुद्रप्रयाग। गुप्तकाशी की सामाजिक संस्था उपहार ने लगातार चार वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर और निराश्रित लोगों की मदद में जुटी है। संस्था द्वारा इस अवधि में 37 निर्धन बेटियों की शादी में मदद पहुंचाई गई है। संस्था के पास जो भी मदद के लिए जरूरतमंद परिवार आ रहे हैं उनकी हर संभव मदद हो रही है। ग्राम पंचायत उषाढा की एक निर्धन बेटी की शादी आगामी 7 दिसंबर को होनी तय हुई है। उसके पिताजी की मौत 7 वर्ष पूर्व हो चुकी है। उसकी तीन बहनें और एक भाई है। जब स्थानीय लोगों के माध्यम से संस्था को इस गरीब परिवार के बारे में ज्ञात हुआ तो, उपहार समिति के अध्यक्ष विपिन सेमवाल एवं उनकी टीम इस जरूरतमंद परिवार के बारे में जानकारी लेने के लिए गांव पहुंची। समिति ने इस निर्धन बेटी की शादी के लिए संपूर्ण राशन उपलब्ध कराया है। समिति के सचिव दिनेश उनियाल ने बताया कि बीते 4 वर्षों में समिति ने 37 निर्धन और निराश्रित बेटियों की शादी में मदद पहुंचाई है। जबकि 4 जरूरतमंद विधवाओं तथा विकलांगों के आवासीय भवन भी निर्मित किए हैं। उन्होंने बताया कि आगामी वर्षों में वह इस तरह की सौ निर्धन बेटियों की शादी में मदद करने का लक्ष्य बना चुके हैं। उनियाल ने बताया कि समिति को कहीं से कोई सरकारी बजट प्राप्त नही हुआ है, बल्कि क्षेत्र के कई दानी-दाताओं द्वारा प्रतिमाह पांच सौ की धनराशि समिति को दान दी जाती है जिसे, एकत्रित करके समिति ऐसे ही जरूरतमंद लोगों की मदद करने का कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *