सैनिक सम्मान के साथ हुआ सैनिक का अंतिम संस्कार
चमोली। 21 गढ़वाल राइफल में सूबेदार और विकासखंड के मोली गांव निवासी सैनिक आनंद सिंह पुंडीर का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ गोमती प्रयाग में अलकनंदा घाट के किनारे किया गया। सैनिक के अंतिम संस्कार में भारी संख्या में लोग पहुंचे। सैनिक का पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे सूबेदार दीपक सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह परेड के दौरान आनंद सिंह पुंडीर अचानक गिर पड़े। जिन्हें तत्काल सेना के अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने आनंद सिंह को मृत घोषित कर दिया। इधर आनंद सिंह की ड्यूटी के दौरान शहीद होने की खबर से गांव सहित पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। परिजन रमेश पुंडीर ने बताया कि आनंद सिंह प्रमोशन होने पर लैंसडौन में ट्रेनिंग कर रहे थे। आनंद सिंह के माता-पित, पत्नी, बेटे और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार को सैनिक का अंतिम संस्कार गोमतीप्रयाग के अलकनंदा घाट पर कर दिया गया। जहां रुद्रप्रयाग की मराठा रेजीमेंट के एक जेसीओ सहित 19 जवानों ने जवान को अंतिम सलामी दी। अंतिम संस्कार में सूबेदार नितिन, सूबेदार दीपक सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भुवन नौटियाल, पूर्व प्रमुख कमल सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य टीका प्रसाद मैखुरी, सांसद प्रतिनिधि राकेश डिमरी, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह बिष्ट, गौचर के नगर अध्यक्ष सुनील पंवार, नरेंद्र तोपाल शास्त्री, प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष यदुवीर बिष्ट, लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, राजस्व उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।