14 जून को होने वाली स्नातक स्तरीय परीक्षा हेतु बनाये गये हैं 18 परीक्षा केन्द्र
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित करायी जा रही स्नातक स्तरीय परीक्षा 14 जून, 2026 को एकल पाली में होगी। जनपद चमोली में 18 परीक्षा केंद्रों पर 4614 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को सभी नोडल अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देशित किया कि आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। परीक्षा से पहले एसडीएम और सीओ पुलिस सभी परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण करते हुए कमियों को तत्काल दूर करें। परीक्षा केंद्रों पर विद्युत, पेयजल, सीटिंग प्लान एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। सड़क मार्ग को सुचारू रखा जाए। जिलाधिकारी ने नियुक्त सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तरह से निर्वहन करते हुए आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप परीक्षा को संपन्न कराने के निर्देश दिए। आयोग के प्रतिनिधि रोबिन सिंह ने परीक्षा हेतु जारी दिशा निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा प्रात: 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक एकल पाली में सम्पन्न होगी। अभ्यर्थियों 8.30 बजे परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा केन्द्र में घड़ी, स्मार्ट वाच, मोबाइल फोन एवं गैजेट्स पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों की पहचान के लिए वीडियोग्राफी की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी चमोली राजकुमार पाण्डेय, मुख्य कोषाधिकारी मामूर जहां सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।