चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने किया सीएम आवास कूच का ऐलान

Spread the love

देहरादून। चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी महासंघ ने लंबित मांगों का निस्तारण न होने पर चरणबद्ध आंदोलन के साथ सीएम आवास कूच का ऐलान कर दिया है। महासंघ ने गुरुवार को जनजागरण अभियान चलाया। तहसील परिसर में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि कोविड की आड़ में सरकार कर्मचारियों को गुमराह कर रही है। महामारी में अपना वेतन देने के साथ ही जान जोखिम में डाल काम किया। इसके बाद भी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। महासंघ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 4200 रुपये ग्रेड पे, पुरानी पेंशन का लाभ नहीं दिया जा रहा है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 25 प्रतिशत कोटे के तहत सभी विभागों में पदोन्नति कोटा पूरा किया जाए। उन्हें स्थानान्तरण एक्ट से मुक्त रखा जाए। भर्ती पर लगी रोक को हटाया जाए। इन मांगों का निस्तारण न होने पर छह सितंबर से 10 सितंबर तक सभी विभागों में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। 14 से 18 सितंबर तक सभी जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया जाएगा। 21 से 25 सितंबर तक 11 से दो बजे तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा। 27 से 30 सितंबर तक 12 से चार बजे तक कार्यबहिष्कार होगा। हर ब्लॉक, तहसील, जिला स्तर पर रैली निकाली जाएंगी। तीन से पांच अक्तूबर तक जिलों में जनजागरण अभियान रैली की तैयारी की जाएगी। छह अक्तूबर को सीएम आवास कूच करने के साथ ही अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान होगा। बैठक में नाजिम सिद्दीकी, गोविंद सिंह नेगी, बनवारी सिंह रावत, जम्बू प्रसाद, बिशन सिंह नेगी, मनमोहन सिंह नेगी, सुंदरलाल आर्य, विनय रावत, रिंकू वर्मा, विक्रम सिंह मनवाल, त्रिलोक सिंह नेगी, पुष्कर सिंह नयाल, केदार सिंह, शंकर आर्य, जगदीश गड़कोटी, जयकृत सिंह कठैत, देवेंद्र दत्त जोशी, नंदकिशोर तिवारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *